समाजवादी पार्टी संस्थापक मुलायम सिंह यादव के बेटे और बीजेपी नेता अपर्णा यादव के पति प्रतीक यादव के निधन के बाद पोस्टमार्टम रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, उनकी मौत “कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स” और “मैसिव पल्मोनरी थ्रोम्बोएंबोलिज्म” की वजह से हुई।
डॉक्टरों के अनुसार, कार्डियोरेस्पिरेटरी कोलैप्स ऐसी गंभीर स्थिति होती है, जब दिल और फेफड़े अचानक सही तरीके से काम करना बंद कर देते हैं। इस दौरान शरीर में ऑक्सीजन की सप्लाई रुकने लगती है और कुछ ही मिनटों में मरीज की हालत बेहद नाजुक हो सकती है।
रिपोर्ट में बताया गया कि प्रतीक यादव के फेफड़ों की नसों में खून का बड़ा थक्का जम गया था, जिसे मेडिकल भाषा में “पल्मोनरी थ्रोम्बोएंबोलिज्म” कहा जाता है। इसी वजह से हार्ट और रेस्पिरेटरी सिस्टम अचानक फेल हो गया।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, प्रतीक यादव को कुछ दिनों पहले सांस लेने में दिक्कत की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। डॉक्टरों ने उन्हें पल्मोनरी एम्बोलिज्म से पीड़ित बताया था और उनका इलाज भी चल रहा था।
38 साल की उम्र में प्रतीक यादव के अचानक निधन से राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर है। यूपी के मुख्यमंत्री Yogi Adityanath समेत कई नेताओं ने दुख जताया है। वहीं सोशल मीडिया पर भी लोग इस खबर पर हैरानी जता रहे हैं, क्योंकि प्रतीक फिटनेस और जिम लाइफस्टाइल के लिए जाने जाते थे।

